घोड़े पर सवार होकर कॉलेज पहुंचे एनएसयूआई कार्यकर्ता, छात्र हितों की मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
देवास। छात्र हितों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा सोमवार को अनूठे अंदाज में प्रदर्शन किया गया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकांत चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं भोपाल चौराहे से घोड़े पर सवार होकर रैली के रूप में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे। यहां कॉलेज प्रभारी डॉ. जाधव को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने कहा कि वर्तमान में छात्र-छात्राओं के सामने परिवहन की समस्या बनी हुई है। कई विद्यार्थियों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है और कॉलेज आने-जाने के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यदि प्रशासन छात्रों के लिए निशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस और उचित बस सुविधा उपलब्ध नहीं करा सकता तो कॉलेज परिसर में घोड़ों के लिए अस्तबल बनवा दिया जाए, ताकि विद्यार्थी घोड़ों से कॉलेज आ सकें। चौहान ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हितों से जुड़ी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो एनएसयूआई आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज नागर ने कॉलेज की परिवहन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कॉलेज की बस किसी एक दिन केवल एक रूट पर संचालित होती है तो दूसरे रूट के विद्यार्थियों के सामने कॉलेज पहुंचने की समस्या खड़ी हो जाती है। उन्होंने मांग की कि बसों का संचालन सभी निर्धारित रूटों पर नियमित रूप से किया जाए। यदि कॉलेज प्रशासन सभी रूटों पर बसें संचालित करने में सक्षम नहीं है तो विद्यार्थियों के लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की जाए। एनएसयूआई ने ज्ञापन के माध्यम से नियमित रूप से कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए बस किराए में उचित कंसेशन देने, उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं के लिए बस यात्रा निशुल्क करने तथा कॉलेज में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं के निशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की विशेष व्यवस्था करने की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर एनएसयूआई द्वारा मीडिया वार्ता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र हितों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष हर्ष प्रताप सिंह गौड़, राजा धाकड़, यशवंत कुशवाहा, धर्मेंद्र चौहान, जयदीप रायपुरिया, आशीष अमलावतियां, राहुल ठाकुर, अजय मालवीय, प्रिंस घोरप्रतापी, अंशुल, विशाल सोलंकी हरनावदा, संजय बोडाना, असलम खान, छोटू अहीरवाल, मनजीत ठाकुर, पृथ्वीराज चौहान, सोहन मंडलोई, सूर्या मालवीय, विशाल मालवीय सहित एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





